नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास चल रहे अंकिता नर्सिंग होम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर यहां से गर्भपात में प्रयोग होने वाले उपकरण और दवाएं बरामद की हैं। बिना अनुमति व रजिस्ट्रेशन के नर्सिंग होम में इस तरह के उपकरण और दवाएं मिलने पर विभाग ने पुलिस में डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस नर्सिंग होम में छापामारी की। डिप्टी सीएमओ डॉ. नीलम कक्कड़ के नेतृत्व में विभाग की टीम ने नर्सिंग होम से गर्भपात में प्रयोग होने वाले उपकरण बरामद किए। साथ ही गर्भपात के समय दी जाने वाली दवा भी बरामद की जिसे नर्सिंग होम संचालक रख नहीं सकते।
डॉ. नीलम कक्कड़ ने बताया कि उन्हें इससे पहले भी कई बार इस नर्सिंग होम मेें गर्भपात करवाने की शिकायतें मिली थीं।
उन्होंने बताया कि बरामद किए गए औजार और दवाएं सील करके पुलिस को सौंप दी हैं। आरोपी चिकित्सक के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार इस तरह के अवैध कार्यों को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ छापामारी कर रही है।
इस दौरान डॉ. नीरज मंगला, राजेश, गंगा सिंह, नरेंद्र डीपीएम के अलावा थाना प्रभारी करतार सिंह, बक्शा सिंह, राजकुमार, ईश्वर, भीम सिंह मौजूद रहे।
पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी की शिकायत पर डॉ. हुक्म सिंह के खिलाफ एमटीपी एक्ट समेत धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।
करतार सिंह, एसएचओ