हरियाणा के कैथल में बाबा खाटू श्याम जागरण में गए परिवार के इकलौते बेटे 18 वर्षीय अंशुल का अपहरण कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन दिन बाद घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी अनुसार इस मामले में आरोपियों ने बर्फ के सूए से मृतक युवक के पेट व छाती पर 57 वार कर उसकी बेरहमी से हत्या की थी। इतना ही नहीं उसके सिर पर ईंटों से कई वार किए थे। बाद में शव को फेंक कर वे निकल गए।
गौरतलब है कि युवक की हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उसके परिजनों ने मंगलवार देर शाम करनाल रोड स्थित नया बस स्टैंड पर जाम लगा दिया था। इस जाम को खोलने के लिए रात आठ बजे तक भी परिजन राजी नहीं हुए थे। उनकी मांग थी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती, वे यहां पर जाम लगाकर बैठे ही रहेंगे। परिजनाें ने मृतक युवक के दोस्तों पर ही उसकी हत्या करने का शक जताया था और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी।
इस दौरान यहां पहुंचे डीएसपी गुरविंद्र सिंह व उमेद सिंह ने सुबह तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद परिजनों ने जाम खत्म किया था। बुधवार को मामले में कार्रवाई करते थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर बीर सिंह की टीम ने एसबीआई रोड कैथल निवासी आरोपी दीक्षित, कानूनगो मोहल्ला कैथल निवासी सचिन, प्रताप गेट कैथल निवासी सागर व वर्मा काॅलोनी फ्रांसवाला रोड कैथल निवासी नितिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
यह है पूरा मामला
मामले की डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों ने युवक अंशुल के सिर पर ईंटों से हमला व सुए मारकर हत्या की थी। मृतक युवक अंशुल के शव को ढांड रोड से अंबाला रोड के बीच बनी ड्रेन में गिरा दिया था। वहां पर एक राहगीर ने युवक के शव को देखा और पुलिस को सूचना दी थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे थाना शहर और थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पहले इस मामले में मृतक के पिता राममेहर की शिकायत पर सिटी थाना में अपहरण का केस दर्ज किया था।
मृतक के पिता राममेहर के बयान अनुसार रविवार रात करीब सवा नौ बजे वह अपने इकलौते बेटे अंशुल के साथ बड़ी देवी माता मंदिर में खाटू श्याम के जागरण में आया था। उसने रात 11 बजकर 27 मिनट पर उसके बेटे को फोन किया तो उसने बताया था कि वह अपने दोस्त दीक्षित के साथ है और पांच मिनट में आता है। कुछ देर बाद जब उसने दोबारा फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। उसने करीब 10 बार फोन किया और बाद में नंबर बंद हो गया।
रात करीब 12 बजे के बाद उसके पास दीक्षित के पिता का फोन आया कि दीक्षित को चोट लगी है। वह उनके पास गया तो दीक्षित ने बताया कि दो गाडिय़ों में चार से पांच युवक आए थे और वे अंशुल को उठा कर ले गए हैं। उसके साथ भी मारपीट की गई है। इसके बाद उसने सिटी थाना में अपहरण का केस दर्ज करवा दिया था। बाद में सुबह के समय युवक का शव अंबाला से ढांड रोड पर बनी ड्रेन किनारे मिला था। अब पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।