हरियाणा के कैथल के कस्बा पूंडरी में शुक्रवार को एक ब्यूटी पार्लर में फायरिंग की घटना हुई है। ब्यूटी पार्लर की संचालिका पर फायरिंग हुई है। गोली चलने से वहां हड़कंप मच गया। यह घटना दोपहर ढाई बजे की है। मामले की शुरुआती जांच में सामने आया कि गोली संचालिका के करीबी रिश्तेदार ने चलाई है। जानकारी अनुसार पूंडरी के ब्रह्मानंद कॉलोनी में स्थित मन्नत ब्यूटी पार्लर की संचालिका उर्मिला पर आरोपी बीरबल ने अवैध हथियार से फायरिंग की। गोली उर्मिला के गाल की बाएं तरफ कंधे को छूकर निकल गई।
दरअसल, आरोपी बीरबल संचालिका उर्मिला के पति के चाचा का बेटा है। वह पहले मन्नत ब्यूटी पार्लर में काम सीख चुका है। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के कारण उसने यह वारदात की। पुलिस अनुसार बीरबल नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है। पूंडरी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लूट, डकैती और लड़ाई-झगड़े के कई मामले दर्ज हैं।
घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।