पूंडरी। पूंडरी पिलनी रोड के नजदीक शनिवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजन पुलिस कार्रवाई न होने पर भड़क उठे। लोगों ने शव शहीद गिरधरलाल अहलुवालिया चौक पर रख कर जाम लगा दिया। जाम के कारण कैथल-करनाल मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसपी व डीएसपी के आश्वासन पर भी लोगों ने जब जाम नहीं खोला तो पुलिस ने जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर जेसीबी मशीन जब्त करनी पड़ी। तब जाकर लोगों ने जाम खोला।
भीम कश्यप पुत्र जीताराम की शनिवार शाम करीब सात बजे जेसीबी की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में दाखिल किया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई थी। भीम के परिजनों ने मामले में सही कार्रवाई न होने के चलते पहले पुलिस चौकी पूंडरी में एकत्रित होकर भी पुलिस पर कड़ी कार्रवाई करने का दबाव बनाया।
लेकिन पुलिस प्रशासन सांसद राजकुमार सैनी की सुरक्षा को लेकर व्यस्त था। रविवार सुबह काफी देर तक जब पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम करवाने के लिए नहीं पहुंचे तो परिजन शव को साथ लेकर थाना चौक पर बैठ गए। यहां करीब दो घंटे तक जाम लगाकर जमकर रोष प्रकट किया। जाम से थोड़ी ही दूरी पर सांसद राजकुमार सैनी दक्ष प्रजापति जयंती पर एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हुए थे।
डीएसपी सतीश गौतम ने पीड़ित परिवार वालों का समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी लेकर रवाना हो गए।
मृतक के परिजनों का कहना था कि जब तक पुलिस जेसीबी को नहीं पकड़ती व उसके चालक को गिरफ्तार नहीं करती तब तक वे शव को सड़क से नहीं हटाएंगे। एसपी व डीएसपी के आश्वासन के बावजूद जब लोगों ने जाम नहीं खोला तो पुलिस ने जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर जेसीबी मशीन जब्त कर ली। इसके बाद ही लोगों ने जाम खोला।
एकमात्र था कमाने वाला
बता दे कि भीम कश्यप(करीब 42 वर्ष) पुत्र जीताराम पिलनी रोड़ स्थित तालाब से पशुओं को नहलाकर वापिस लौट रहा था। सड़क किनारे पर आती हुई जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से वो गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की तीन लड़की है और एक लड़का है तथा वो एक छोटी सी करियाणा की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
क्या कहते है, डीएसपी
डीएसपी सतीश गौतम ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा पूरे मामले में निष्पक्ष रूप से कार्रवाई की जाएगी।