स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार रात गांव हरनौला में अवैध तरीके से लड़का होने की दवा देते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा है। आरोपी 300 रुपये में लड़का होने की दवा दे रहा था। शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि गांव हरनौला में एक व्यक्ति लड़का होने की दवा दे रहा है। विभाग ने टीम का गठन किया। जिसमें एक ग्राहक तैयार किया गया। इस ग्राहक ने सोमवार शाम संबंधित व्यक्ति के घर जाकर दवा लेने की बात की। आरोपी ने 300 रुपये में लड़का होने की दवा दे दी। इशारा मिलते ही डॉ. नीलम कक्कड़ के नेतृत्व में विभाग की टीम ने गांव में छापा मारा।
आरोपी सेवा सिंह को दवा देते हुए पकड़ लिया। रंगेहाथ पकड़े जाने पर सेवा सिंह ने स्वीकार कर लिया कि उसने ग्राहक को 300 रुपये की राशि लेकर लड़का होने की दवाई दी थी। स्वास्थ्य विभाग की इस टीम में डॉ. नीलम कक्कड़ के अतिरिक्त भागल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी संजीव गोयल, डीपीएम नरेंद्र, बीईई राजेश कुमार शामिल थे।