चंडीगढ़ से शादी करके लौट रहे एक प्रेमी जोड़े पर वीरवार रात को अज्ञात युवकों ने बस अड्डे पर हमला कर दिया। प्रेमी जोड़े ने बस अड्डे के पास झाड़ियों में छिपकर जान बचाई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जोड़े को किसी तरह बचाया। पुलिस को देखकर हमलावर युवक भाग गए।
बाद में पुलिस ने प्रेमी जोड़े की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया। जोड़े में शामिल लड़की के अपहरण के आरोप में बुधवार को पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसमें से एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस युवक के परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह पूंडरी के गांव की रहने वाली है। वह 18 वर्ष की बालिग है और कक्षा 12वीं पास है। गांव भाणा निवासी बिंद्र से वह तीन वर्ष से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती थी। इस बात का पता उसके माता-पिता को भी था लेकिन उसके पिता बिंद्र से उसकी शादी करवाने के एवज में तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
बाद में उसने बिंद्र के साथ चंडीगढ़ में शादी कर ली। शादी करने के बाद वे वीरवार रात को चंडीगढ़ से कैथल आए तो बस अड्डे पर पांच-छह युवकों ने उन्हें पकड़ कर जान से मारने की धमकी दी। वे उनसे किसी तरह छिपकर झाड़ियों में बैठ गए। तभी बिंद्र ने एसपी कैथल को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में वहां से प्रेमी जोड़े को लेकर सिविल लाइन थाने में पहुंचे। युवती ने बताया कि उनकी शादी की नाराजगी के कारण वे युवक उनको जान से मारना चाहते थे। पुलिस ने युवती की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए 323, 148, 149, 506 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने युवती की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रेमी जोड़े को सुरक्षा मुहैया करवा दी है। दोनों ने बताया है कि उन्होंने चंडीगढ़ में विवाह कर लिया है। दोनों को पुलिस सुरक्षा दे दी गई है।
महाबीर, एसएचओ, सिविल लाइन थाना
बुधवार को पुलिस ने किया बिंद्र सहित दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
बुधवार को पूंडरी पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर बिंद्र, ऋषिपाल व तरसेम के खिलाफ लड़की के अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया था। इस मामले में पूछताछ के लिए पूंडरी पुलिस चौकी में बुलाने के बाद वीरवार को आरोपी ऋषिपाल ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने पूंडरी पुलिस चौकी के अज्ञात पुलिस कर्मियों के खिलाफ परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने एवं अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।