मांट-डांगौली एप्रोच मार्ग स्थित कांशीराम आवासीय योजना में पुलिसकर्मियों ने गुरुवार रात जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों की तलाश में दबिश देने गए पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को बुरी तरह पीटा। घटना में कई महिलाओं के घायल की बात कही जा रही है लेकिन पुलिस के भय से लोग बयान देने को तैयार नहीं हैं।
कांशीराम आवासीय योजना की कालोनी में असामाजिक तत्वों के बढ़ते जमावडे़ से स्थानीय लोग परेशान हैं। कुछ लोग यहां होने वाली घटनाओं की सूचना पहले वृंदावन पुलिस को दे दिया करते थे। संतोषजनक कार्रवाई न होने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम और अधिकारियों को सूचना देना शुरू कर दिया।
बताया गया है कि गुरुवार रात 11 बजे छह पुलिसकर्मी कालोनी में पहुंचे, लेकिन इससे पहले आरोपी भाग गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों में गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सूचना देने वाले लोगों को ही पीटना शुरू कर दिया। कालोनीवासियों ने विरोध किया तो उन्हें भी नहीं बख्शा।
पुलिस की पिटाई से एक महिला के हाथ की हड्डी फैक्चर होने की बात कही जा रही है। एक युवक को गंभीर चोट आई हैं। पीड़ित बन्नो, सलामत, राधिका, सोमोती, विलशा, गोलू, निशा, मोनू, योगेश, युनीस का आरोप है कि बदमाशों को पकड़ने आए पुलिसकर्मी नशे में थे। घटना के बारे में शिकायत कर एसएसपी से न्याय की मांग की गई है। मामले में कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पिटाई का मामला नहीं है फिर भी वह जांच कराएंगे।