लोगों से मोबाइल लूटने वाला गिरोह सक्रिय है। जो इस समय कई लोगों से मोबाइल लूट चुका है। पुलिस ने दो वारदात के संबंध में केस दर्ज कर लिया है। एक मामले में तो लुटेरे मिर्च पाउडर फेंक कर मोबाइल ले भागे। कई ऐसे भी मामले हैं जिनमें पीड़ित मोबाइल सस्ता होने के कारण पुलिस के चक्कर काटने से बचने के लिए पुलिस को शिकायत ही नहीं दे रहे।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-19 निवासी हितांशु गोयल ने बताया कि वह एमबीए का विद्यार्थी है। मंगलवार शाम को वह सेक्टर-19 के घर से सेक्टर-20 के पार्क में घूमने के लिए आ रहा था। ढांड रोड बाईपास के पास मोटरसाइकिल पर एक युवक मिला। जिसने उसे रुकने का इशारा किया।
उस युवक ने फोन करने के लिए उसका मोबाइल मांगा। लेकिन उसने उसको फोन देने से मना कर दिया। उस युवक ने लाल मिर्ची निकालकर उसकी आंखों में फेंक दी और उसकी जेब से मोबाइल निकालने लगा। हितांशु ने बताया कि दोनों में झड़प हुई। उस युवक ने जबरदस्ती उसकी जेब से मोबाइल निकालकर उसको जान से मारने की धमकी दी। आरोपी भाग गया।
यह घटना नए बस स्टैंड के सामने की है। हुडा सेक्टर-19 निवासी बलिंद्र साइकिल पर मोबाइल से बात करते हुए रात करीब आठ बजे जा रहा था। बस स्टैंड के सामने से निकलते समय तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए। सबसे पीछे बैठे युवक ने उसका फोन छीन लिया।
इन संस्थानों पर हुई हो चुकी हैं वारदात
शहर में अनाज मंडी, कुतबपुर रोड, प्रताप गेट पर भी मोबाइल फोन लूटनेे की वारदात हो चुकी हैं लेकिन कुछेक मामलों में मोबाइल सस्ता होने के कारण पुलिस को शिकायत भी नहीं दी जाती।
पैदल और साइकिल पर चलने वालों को बनाते निशाना
वहीं लोगों ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य पैदल चलने वाले या फिर साइकिल चलाते समय बात करने वाले लोगों को निशाना बनाते हैं। वे उनके पास से मोटरसाइकिल गुजारते समय झपटा मारकर मोबाइल छीन लेते हैं।
पुलिस मोबाइल लुटेरों को काबू करने का प्रयास कर रही है। इस संबंध में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। शीघ्र ही लुटेरे गिरफ्त में होंगे।
अशोक कुमार, सिविल लाइन थाना प्रभारी