सिटी पुलिस ने भाजपा नेता प्रवीन सरदाना की शिकायत पर ऑटो चालक सुरेश कुमार सहित 35 अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने व महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया है।
प्रवीन ने शिकायत में बताया कि 18 मई को शाम 7 बजे उसके पिता रमेश सरदाना अपने 2 पोतों को स्कूटी पर लेकर घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में ऑटो चालक सुरेश ने उसके पिता की स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद ऑटो चालक ने बदतमीजी करते हुए उसके पिता का गला पकड़कर मारपीट की। झगड़े की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और मामला शांत कर वह पिता एवं बच्चों के साथ घर पहुंचे। लेकिन कुछ ही देर में ऑटो चालक सुरेश 30 से 35 लोगों के साथ उसके महादेव कालोनी स्थित मकान में घुस आया। आरोपी ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। उसने तुरंत हमले की सूचना पुलिस को दी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें आरोपियों के चुंगल से छुड़ाया। जाते-जाते आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर गए हैं।
दूसरी ओर ऑटो चालक ने भी इस मामले में पुलिस में शिकायत दी है। जिसमें उसने मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ऑटो चालक की शिकायत पर जांच कर रही है।
सिटी एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ऑटो चालक की शिकायत पर जांच चल रही है।