पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर 23 कट्टों में 340 किलो चूरापोस्त और 6- किलो डोडे बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि तस्कर अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। तस्कर यूपी से चूरापोस्त खरीदकर हरियाणा और पंजाब में बेचते थे। पुलिस ने दो मामलों में गिरफ्तार चारों आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर ले लिया है।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि सीआईए-1 टीम ने अंतर्राज्यीय चूरापोस्त तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते 4 तस्करों गिरफ्तार किया है। हेडकांस्टेबल धर्म सिंह ने बाइक पर गश्त के दौरान तस्करी की सूचना दी। सूचना पर एएसआई रमेश कुमार, बीरेंद्र सिंह, एचसी जसवंत सिंह, सिपाही करनैल सिंह और सिपाही सुरेश कुमार की टीम ने रात करीब 9 बजे पाड़ला बाईपास चौक पर नाकाबंदी की। टीम ने जींद रोड बाईपास की ओर से आई कार की घेराबंदी की और चालक गुरमीत निवासी खानपुर थाना समाना पंजाब और गुरमीत उर्फ चीमा निवासी चक्कु लदाना थाना गुुहला को काबू किया। गाड़ी की तलाशी में डिक्की से 9 कट्टे, पिछली सीट पर 2 कट्टे बरामद किए जिसमें 20-20 किलो चूरापोस्त थी।
वहीं सीआईए-1 के एसआई सत्यवान, एएसआई बलवान सिंह, हेडकांस्टेबल नरेश कुमार, सिपाही राजेश, संजय और भूपेंद्र सिंह ने सैर गांव से आगे खाली पड़ी बंद टंकी लोहा फैक्ट्री पक्की सड़क पर नाकेबंदी की। शाम 4:30 बजे एक वाहन चालक ने गाड़ी को भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने गाड़ी को बीच सड़क खड़ी करके रास्ता जाम कर दिया गया। चालक ने गाड़ी को बैक कर भगाने की कोशिश की तो पुलिस ने गाड़ी के अगले शीशे पर डंडे से वार कर गाड़ी रुकर्वाई। चालक मलकीत उर्फ राणा उर्फ देवेंद्र निवासी चक्कु लदाना और गुरुदेव सिंह वासी डेरा उमेदपुर थाना सीवन को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने बाद गाड़ी में रखे 12 कट्टों से 120 किलो चूरापोस्त और 60 किलोग्राम डोडे बरामद किए। पुलिस ने चारों आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है।