हुडा संपदा अधिकारी कार्यालय के बेसमेंट में चौकीदार ने फंदा लगा की आत्महत्या
कैथल। सेक्टर 19 में स्थित हुडा संपदा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार की रात में चौकीदार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। चौकीदार हुडा कार्यालय में रोजाना रात के समय अपनी ड्यूटी देता था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
विभाग के एसडीई राजबीर सिंह ने बताया कि ढांड के खेड़ी रायवाली निवासी चौकीदार धर्मपाल रोज की तरह शुक्रवार को भी रात के समय ड्यूटी पर आया था। जिसके बाद शनिवार सुबह वह 11 बजे तक भी अपने घर नहीं पहुंचा तो उसके घरवालों ने उसके साथ फोन पर संपर्क किया। लेकिन उसने फोन नहीं उठाया जिस पर उसके परिजनों सेक्टर में रह रहे जानकारों को फोन के माध्यम से उनके बारे जानकारी हासिल की। जिसके बाद वे यहां पर आए तो उन्हें बेसमेंट में फंदे से लटका हुआ उसका शव मिला। जिसके बाद उन्हें धर्मपाल की मौत की सूचना मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया।
मृतक के परिजन रामपाल ने बताया कि धर्मपाल 2016 से ही सेक्टर 19 स्थित हुडा कार्यालय में चौकीदार की ड्यूटी करता था। शुक्रवार को भी वह रात को ड्यूटी पर तैनात था। सुबह उन्हें उसके द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली। उसके द्वारा आत्महत्या करने के कारणों की कोई जानकारी नहीं है। उसके दो लड़के है।
थाना सिविल लाइन एसएचओ प्रहलाद ने बताया कि चौकीदार द्वारा आत्महत्या के मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के दो बेटे हैं और उसका छोटा भाई सतीश गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करता है। वह होली के उपलक्ष्य में अपने घर आया हुआ था।