मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर ठगे 71 हजार 500 रुपये
तितरम थाना पुलिस ने एक टॉवर कंपनी के एमडी के खिलाफ केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 71 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। तितरम थाना पुलिस ने गांव काकौत निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव काकौत निवासी संत लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2016 में उसके लड़के जॉनी के पास फोन आया। जिसमें उससे कहा गया कि अगर वह अपनी जमीन पर मोबाइल टावर लगाना चाहता है, तो कंपनी से लगवा देगी। मोबाइल टावर लगाने पर उनको जमीन का 45 हजार रुपये किराया प्रति महीना दिया जाए ओर इसके साथ 15 लाख रुपये का चेक भी दिया जाएगा। जिसके बाद बैंगलोर की कंपनी से एग्रीमेंट आया था। जिसमें उन्होंने एक बैंक खाते में एक हजार रुपये डलवाएं। बाद में जॉनी के पास फोन आया और सिक्योरिटी के तौर पर 18 हजार 500 रुपये जमा करवाने के लिए कहा गया। 7 सितंबर 2016 को उसने पैसे बैंक खाते में डलवा दिए। इसके बाद उसने 12 सितंबर को 22 हजार रुपये व 24 अक्टूबर को 30 हजार रुपये जमा करवाएं। इसके बाद उसने उनके नंबरों पर फोन किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। संत लाल ने बताया कि कुछ समय बाद उसने उसके साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और पुलिस को मामले की जानकारी दी। संत लाल ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
एएसआई वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात संजय मसूर वाला एसडी ऑल इंडिया टॉवर बैंगलोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।