सिरसा ब्रांच व बिधराना माइनर के बीच मिला किसान का शव
ठंड से मौत की आशंका, विसरा जांच के लिए भेजा
गांव शिमला निवासी राकेश उर्फ हरकेश के रूप में हुई पहचान
फोटो संख्या-31 व 32
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। सिरसा ब्रांच व बिधराना माइनर के बीच में एक किसान का शव पड़ा हुआ मिला। उसकी मौत ठंड से होने की आशंका जताई जा रही है। चिकित्सकों ने विसरा जांच के लिए भेज दिया है।
वीरवार सुबह वार्ड 13 के पार्षद प्रतिनिधि बीडी बंसल के पास सूचना आई की सिंचाई विभाग से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे कोई शव पड़ा हुआ है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कलायत थाना में दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान के लिए उसके कपड़ों की तलाशी ली गई जिनमें कुछ नही मिला। मृतक के हाथ पर राकेश कुमार गुदवाया हुआ था। शव की सूचना मिलते ही खेतों मेें डेरे बनाकर रह रहे गांव शिमला के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के बेटे कुलदीप ने बताया कि उसके पिता राकेश कुमार उर्फ हरकेश जिनकी आयु करीब 45 वर्ष है, वे बुधवार सुबह से ही घर नहीं पहुंचे थे। परिजन काफी परेशान थे और कई जगह उनकी तलाश में लगे थे। कुलदीप ने बताया कि उन लोगों के पास थोड़ी सी जमीन है, जिस पर वे डेरा बना कर खेतों में ही रहते हैं। उसके पिता खेती बाड़ी से ही परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। शव को देखने के बाद मौत के कारणों को लेकर लोग कयास लगाने में लगे थे। मुंह से निकले झाग को देख कर लोगों का अंदेशा है कि ठंड से राकेश की मौत हो सकती है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
थाना प्रभारी रामकिशन बैरागी ने बताया कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ठंड भी मौत का एक कारण हो सकती है : मृतक के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने कहा कि मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। ठंड मौत का एक कारण हो सकती है। विसरा जांच के लिए भेज दिया गया है।