तस्कर गिरोह के तीन काबू, 70 ग्राम चिट्टा बरामद
दिल्ली से चिट्टा खरीद कर चीका में सप्लाई करता है गिरोह
फोटो संख्या-21
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नई दिल्ली से चीका में चिट्टा लाकर तस्करी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को ढाई लाख रुपये मूल्य की 70 ग्राम चिट्टे सहित सीआईए-2 ने काबू किया है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान की अगुवाई में सहायक उप निरीक्षक जयभगवान की टीम अंबाला रोड पर गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने बस स्टैंड की ओर से आ रही एक गाड़ी को रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान लछमन निवासी वार्ड नंबर तीन चीका, रतन सिंह निवासी रिवाड़ जगीर के रूप में हुई है। इसके अलावा एक अन्य आरोपी को भी इसी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मौके पर ही डीएसपी अशोक कुमार को भी बुलाया गया था, जिसके आने के बाद आरोपियों की तलाशी ली गई। आरोपी लछमन के पास से 50 ग्राम चिट्टा व दोनों अन्य आरोपियों की जेब से 10-10 ग्राम चिट्टा मिला है। तीनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी दिल्ली के विकासपुरी से किसी विदेशी से नशा खरीदकर लाते थे।