सड़क हादसे में आशा वर्कर की मौत, चार घायल
फोटो नंबर-07
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। करनाल रोड स्थित शुगर मील के पास मंगलवार सुबह ऑटो व ट्रॉली की टक्कर में आशा वर्कर की मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक सहित चार घायल हो गए। जिन्हें शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार सुबह गांव ग्योंग से कैथल की तरफ आ रहे ऑटो की एक मिट्टी भरी ट्रॉली के साथ टक्कर हो गई। जिससे ऑटो सवार यात्री बाहर निकलकर गड्ढों में जा गिरे। जैसे-तैसे राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया। जहां ग्योंग निवासी आशा वर्कर सुनीता की हालत गंभीर होने की वजह चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया था। जहां बीच रास्ते में ही आशा वर्कर ने दम तोड़ दिया। घायलों में संतोष, सोनिया व ऑटो चालक सहित एक अन्य को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
महिला का चेकअप कराने के लिए साथ आई थी सुनीता : मृतक के पति ग्योंग निवासी धर्मवीर ने बताया कि गांव की एक महिला की दस दिन पहले डिलीवरी हुई थी। उसका चेकअप करवाने व इलाज के लिए सुनीता उसके साथ जिला अस्पताल आई थी। धर्मवीर ने बताया कि करीब पांच साल से गांव में आशा वर्कर का काम करती थी।