मलेशिया में मारे गए युवक का शव आज पहुंचेगा भारत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव तारागढ़ निवासी विकास का शव आज रात दिल्ली पहुंच जाएगा। मलेशिया की ओर से भारतीय दूतावास में शव पहुंच गया है। इसके बाद युवक के परिजन शनिवार को दिल्ली में शव को को लेने के लिए पहुंच गए हैं।
परिजन सोनू ने बताया कि उनकी ओर से शव को भारत लाने के लिए की जाने वाली प्रक्रिया को शनिवार को पूरा कर लिया गया है। उसने बताया कि जिस कंपनी में विकास काम करता था। उस कंपनी की ओर से मलेशिया सरकार की ओर से शव को भेजने के लिए अनुमति के लिए सभी कागजों की कार्रवाई को पूरा किया है। जिसके बाद विकास के शव को भारतीय दूतावास भेजा गया है। अब रविवार को शाम को भारतीय समय के अनुसार करीब 7 बजे मलयेशिया से शव को मलेशिया एयरलाइन से रवाना किया जाएगा, जो करीब 10 बजे दिल्ली में पहुंचेगा। परिजन सोनू ने बताया कि शव के दिल्ली पहुंचने के बाद तुरंत इसे गांव में ले आया जाएगा। जिसके बाद विकास का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
विदित रहे कि 2 दिसंबर को मलेशिया में एक फैक्ट्री के बाहर तारागढ़ निवासी विकास सहित पंजाब के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही युवक के परिजन शव को भारत लाने के लिए प्रयासरत थे।