युवक का मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ पुरानी रंजिश में लाठी व डंडों से पीट कर हत्या का आरोप लगाया
पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज किया हत्या के आरोप में केस
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। गांव कौल में एक युवक का शव फरल रोड पर खेतों में बने ट्यूबवेल के कमरे में पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर सिर व कई जगह चोट के निशान के चलते परिजनों ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार फरल रोड पर गांव कौल रकबा में एक खेत के ट्यूबवेल के कोठे में एक युवक का शव मिला। जिस पर चोट के निशान थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। बाद में मृतक की पहचान कौल निवासी गौरव पुत्र सोमा के रूप मेें हुई है। ढांड थाना प्रभारी विनोद कुमार दलबल सहित मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे लिया। पुलिस को दी शिकायत में मृतक गौरव के मामा ने आरोप लगाया कि गौरव को उसके सामने राजबीर व संदीप जबरदस्ती मोटर साइकिल पर बैठा कर ले गए। वे सारी रात उसे ढूंढते रहे। सुबह पता चला कि गौरव का शव राजबीर निवासी कौल के खेत में बने ट्यूबवेल कोठे में फरल रोड पर पड़ा हुआ है। जब वे मौके पर पहुंचे तो उसके पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे और कोठे में जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। गौरव को पुरानी रंजिश के कारण राजबीर व संदीप निवासी कौल ने अपहरण करके तेजदार हथियारों से व डंडो से पीट-पीट कर उसकी हत्या की है। हो सकता है कि इनके साथ इस घटना में कुछ अन्य व्यक्ति भी शामिल हों। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
ढांड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि 21 वर्षीय मृतक गौरव के मामा कर्म सिंह की शिकायत पर राजबीर व संदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तथ्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम तथा डीएसपी ने मौके का मुआयना किया है। आरोपियों को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।