श्मशान घाट पर तांत्रिक क्रिया कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव दीवाल में गांव के लोगों द्वारा श्मशान भूमि मेें लगाए गए ठीकरी पेहरे के बाद दो युवकों को तांत्रिक क्रिया करते हुए पकड़ लिया। दोनों युवकों के पास से झाड़-फूंक में प्रयोग होने वाला सामान व बाइक भी बरामद की है। दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
गांव दीवाल के सरपंच जगदीश राठी ने बताया कि गांव के श्मशान में एक सप्ताह पूर्व एक गाय का सिर मिला था। इसके बाद से गांव के लोगों में रोष था। इस संबंध में पुलिस ने भी अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस घटना के बाद गांव में ठीकरी पहरा लगाया गया। जिसमेें गत मध्य रात्रि के आस-पास दो संदिग्ध युवक दिखे। दोनों युवकों को गांव के लोगों ने श्मशान की दीवार फांदते हुए काबू कर लिया। उनके पास से तंत्र विद्या मेें प्रयोग किया जाने वाला सामान व एक बाइक भी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गांव में इस तरह की घटना से लोगों में रोष है और पुलिस से भी मांग है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव के लोगों की मांग है कि ऐसे तांत्रिकों को भी काबू किया जाए, जो इन युवकों को इस तरह के काम करने के लिए कहते हैं।
एसएचओ रोहताश ने बताया कि गांव दीवाल में लोगों द्वारा पकड़े गए युवकों की पहचान फतेहाबाद के भूना निवासी कृष्ण कुमार, मनोज कुमार निवासी ग्योंग के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि गाय के सिर के मामले में ये युवक संलिप्त नहीं थे। गाय संबंधी मामले में दोषियों की तलाश जारी है।