जहर देकर हत्या का प्रयास, मामला दर्ज
कैथल। पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत पर उसके ससुराल वालों के खिलाफ उसे जहर देकर उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज किया है। विवाहिता का करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में ईलाज चल रहा है।
करनाल के एक गांव निवासी विवाहिता नवदीप कौर पुत्री रणजीत सिंह ने बताया कि उसकी शादी गांव हिम्मतपुरा निवासी मनजीत सिंह के साथ गत 5 नवंबर 2016 को हुई थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और मांग पूरी नहीं होने पर उससे मारपीट की जाती थी। गत 3 दिसंबर की रात को उसके ससुराल के लोगों ने उसे जहर देकर मारने का प्रयास किया। उसे बाद में अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। सीवन एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित विवाहिता की शिकायत पर मनजीत सिंह, बलजीत सिंह, राजकौर, दलजीत कौर निवासी गांव हिम्मतपुरा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।