स्नेचर्स से महिलाओं में दहशत
- चीका में दो महिलाओं के कानों से छीनी सोने की बालियां, एक महिला से पैसों से भरा पर्स छीना
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चीका में महिलाओं के कानों से बाली और पर्स छीनने के तीन मामले सामने आए हैं। तीन वारदात के बाद चीका क्षेत्र में दहशत का माहौल है। चीका पुलिस ने तीन बाइक सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में चीका निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 जून को वह अपनी पत्नी रोशनी देवी के साथ घूमने के लिए गया था। जब वह हुडा सेक्टर-4 में शाम करीब छह बजे घूम रहे थे। वहां तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और पत्नी के कान से बालियां छीनकर फरार हो गए। वारदात के समय युवकों ने उसे और उसकी पत्नी को थप्पड़ व मुक्कों से मारा। सुरेश कुमार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। पुलिस ने चोरी हुई कानों की बालियों की कीमत 10 हजार रुपये आंकी है। एएसआई विजेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने सुरेश कुमार की शिकायत पर तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मामले में चीका पुलिस को दी शिकायत में वकील कालोनी निवासी सलोचना ने बताया कि 6 जुलाई को वह करीब एक बजे बाजार से घर आ रही थी। वकील कॉलोनी में उसके घर के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने उसके पीछे से हमला कर उसके दोनों कानों से सोने की बालियां छीन ली। जिससे उसके कान लहूलुहान हो गए। एएसआई भीम सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला सलोचना की शिकायत पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीसरे मामले में हरिजन बस्ती निवासी महिला रजनी बाला ने चीका पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 जुलाई को वह बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से 20 हजार रुपये निकालकर आ रही थी। जब वह हैफेड गौदाम के पास पहुंची तभी पीछे से बाइक पर तीन अज्ञात युवक आए और उसका पर्स छीन लिया। पर्स में मेरा एटीएम व मोबाइल भी था। एएसआई विजेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला रजनी बाला की शिकायत पर तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।