मुथुट फाइनेंस के कैशियर पर 13.12 लाख हड़पने का आरोप, जवाब-तलबी पर कैशियर ने किया आत्महत्या का प्रयास
पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर दर्ज किया मामला
कैथल। पुलिस ने पूंडरी की मुथुट फाइनेंस शाखा के कैशियर के खिलाफ 13.12 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। मैनेजर द्वारा जवाब तलबी पर आरोपी कैशियर ने सुसाइड का भी प्रयास किया।
मूंदड़ी गांव निवासी मैनेजर जितेंद्र ने बताया कि वह पूंडरी शाखा में मैनेजर है। कंपनी में गुरप्रीत सिंह कैशियर के पद पर कार्यरत है। उसने लोगों से ली गई राशि फाइनेंस कंपनी में जमा न करवाकर स्वयं हड़प ली। लोगों को अपने पास से कच्ची रसीद, कंपनी के स्टांप के साथ दे दी। उसी दौरान आरोपी ने लोगों को फोन करके उनके मोबाइल नंबर पर आए हुए ओटीपी के लोन अकाउंट को बढ़ा लिया और उसकी राशि भी अपने पास ही रख ली। आरोपी ने कुल 16 लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हुए 13 लाख 12 हजार रुपये की राशि हड़प ली। मामला सामने आने के बाद जब जांच की तो धोखाधड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।