कैथल। पुलिस ने कातिलाना हमला करने के आरोपी को काबू किया है। उसके पास से अवैध पिस्तौल बरामद कर ली है। दूसरे आरोपी की पूछताछ के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सदर प्रबंधक इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र की अगुवाई में एसआई राजफूल की टीम द्वारा आरोपी रमन उर्फ रमनी निवासी छौत को गिरफ्तार कर लिया गया। छौत निवासी सत्यवान की शिकायत पर दर्ज मामले अनुसार 17 अप्रैल को उसके भतीजे की रमन के साथ कहासुनी हो गई थी। जिसपर बीच-बचाव करके दोनों को समझा दिया गया था। दिनांक 20 अप्रैल को जब वह अपनी गेंहू की फसल कटवाने के लिए कंबाइन लेने के लिए शमशेर के खेत में गया हुआ था। जब वे खेत कोठा के नजदीक बैठे हुए थे, तो गांव की तरफ से एक बाइक पर सवार होकर आए रमन व एक अन्य युवक ने कहासुनी के रंजिश में फायर दाग दिया और फरार हो गए। प्रवक्ता ने बताया आरोपी रमन से पूछताछ के दौरान वारदात में लिप्त दूसरे आरोपी की पहचान सुमेर उर्फ भूरिया निवासी खरक पांडवा के रूप में कर ली गई, जिसकी गिरफ्तारी तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी के लिए आरोपी का न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।