अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य को बिहार से किया काबू
जनवारी में अंबाला रोड पर दुकान से 30 लाख रुपये के मोबाइल व नकदी चोरी का मामला, 6 दिन के रिमांड पर लिया
फोटो संख्या-15
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पुलिस ने जनवरी माह में अंबाला रोड पर हुई मोबाइल की दुकान में 30 लाख रुपये से अधिक की नकदी व मोबाइलों की चोरी के मामले में बिहार से इंटर स्टेट चोर गिरोह सदस्य को काबू किया है। उसे उसके हिस्से में आई 5 लाख रुपये की नकद राशि व 15 मोबाइल बरामद करने के लिए 6 दिन के रिमांड पर लिया गया है। चोर गिरोह का एक सदस्य पहले ही काबू किया जा चुका है।
सीआईए-टू इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सत्यवान ने बताया कि 8 जनवरी की सुबह राजेंद्रा सेठ कालोनी निवासी कृष्ण गर्ग की अंबाला रोड स्थित दुकान से चोरों ने 15 लाख रुपये नकद सहित 15 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल चोरी कर लिए थे।
इस मामले की जांच करते हुए सीआईए-टू के सहायक उपनिरीक्षक उज्जवल सिंह, एएसआई जयकरण व हेड कांस्टेबल कमलजीत की टीम द्वारा छतौनी चौक मोतीहारी बिहार से उपरोक्त मामले में वांछित आरोपी राजु दास निवासी बिरता चौक घोड़ासहन बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पूर्व आरोपी विंदेश्वरी साह निवासी घोड़ासहन पहले ही बिहार से 22 जनवरी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके कब्जे से चोरीशुदा 20 स्मार्ट फोन व हजारों रुपये नकदी बरामद की जा चुकी है। वारदात में लिप्त 2 अन्य आरोपियों शम्भू प्रसाद व पवन कुमार उर्फ भरतभूषण उर्फ तेरेनाम व राजूदास निवासी घोड़ासहन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी राजूदास ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसके हिस्से में 15 मोबाइल फोन व 5 लाख रुपये आए थे, जिन्हें उसने घोड़ासहन निवासी अपने साथी जीतू टाईगर को दे रखे हैं और बरामद करवा सकता है। आरोपी से व्यापक पूछताछ की जा रही है। आरोपी का 12 मार्च को न्यायालय से दिनांक 18 मार्च तक 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।