पूंडरी में सेल्समैन से नकदी भरा बैग छीनने के आरोपी को काबू किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पूंडरी के गुरु ब्रह्मानंद चौक से सेल्समैन से नकदी भरा बैग छीनने के आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया है। उसके कब्जे से 5 हजार रुपये नकदी बरामद कर ली गई। वारदात में लिप्त 2 आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि 2 अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-टू पुलिस के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की टीम द्वारा करीब 32 वर्षीय आरोपी सुरेंद्र कुमार निवासी खरल हाल निवासी चमेला कालोनी नरवाना को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे में सेल्समैन जोगिंद्र निवासी रूपगढ़ जिला जींद के कब्जा से 7 जून को ब्रह्मानंद चौक पूंडरी से झपटी गई नकदी में से 5 हजार रुपये की राशी बरामद कर ली गई। घटना के समय आसपास के दुकानदारों द्वारा सजगता व बहादुरी का परिचय देकर एक झपटमार अनिल निवासी चमेला कालोनी पानीपत को मौका पर काबू कर लिया। उसके पास से एक लाख रुपये नकदी बरामद कर ली गई, परंतु चार अन्य आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए थे। जिनमें से आरोपी कुलदीप निवासी लोहचब जिला जींद बाद में गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रवक्ता ने बताया वारदात में लिप्त आरोपी नीलू निवासी मसूदपुर व जोगिंद्र निवासी नरवाना की पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।