कैथल। पुलिस ने राजौंद की नगर पालिका चेयरपर्सन गुड्डी राणा, पांच अन्य नामजद सहित 10-12 लोगों के खिलाफ एक व्यक्ति का अपहरण कर जातिसूचक शब्द कहने व मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजौंद निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 30 मई की शाम 4 बजे वह नगर पालिका राजौंद से नगर पालिका सचिव से संपर्क करने के लिए गया था। वह वहां पर बैठा था, इतने में राजौंद चेयरपर्सन वहां आ गईं। चेयरपर्सन ने वहां जाने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह अशोक से मिलने आया है। इतने में चेयरपर्सन ने अपने लोगों को फोन करके बुलाया और उसे वहां से उठाकर ले गईं। वहां पर उसे जाति सूचक शब्द कहे। साथ ही मारपीट की। करीब 10-12 लोगों में सोमपाल, नरेश (काका), गौरव, सुतलान फौजी, सन्नी, महेंद्र शर्मा भी शामिल थे। रात को इन्होंने उससे जबरदस्ती पिस्तौल के बल पर ना जाने क्या-क्या लिखवा लिया। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस संबंध में चेयरपर्सन सहित उक्त आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने व अपहरण करने सहित विभिन्न आरोपों में केस दर्ज कर लिया है।
एसएचओ राजौंद बीरभान सिंह ने कहा कि झगड़े के मामले में चेयरपर्सन सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
वहीं इस संबंध में चेयरपर्सन गुड्डी राणा के फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
सीएम विंडो में शिकायत लगवाकर करते हैं वसूली:-राजौंद नगर पालिका चेयरपर्सन गुड्डी राणा ने कहा कि राजौंद में महीपाल शर्मा के साथ जरुर विकास कार्यों को लेकर बहस हुई थी। जिस व्यक्ति ने अपहरण करने जैसे आरोप लगाए हैं। उसके साथ कोई विवाद नहीं हुआ। बल्कि उसी ने उनके साथ दुव्र्यवहार किया। उनके नाबालिग बेटे के साथ मारपी की। लेकिन राजौंद में सीएम विंडो के प्रभारी डा. संदीप राणा व कुछ अन्य व्यक्ति, जो खुद को भाजपा नेता बताते हैं। मुझे सीएम विंडो में शिकायतें लगवाकर परेशान कर रहे हैं। शिकायतकर्ता पैसे ऐंठ कर बैठ जाते हैं। फिर सीएम विंडो के प्रभारी भी पैसे लेते हैं। अब जब उन्होंने पैसे देने बंद कर दिए हैं तो एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करवा दिया। जबकि जिस व्यक्ति ने कल थाने में शिकायत दी थी, उसके साथ समझौता हो गया था। अब जब उसने समझौते के बावजूद केस दर्ज करवाया है तो मैं भी अपने साथ दुव्र्यवहार व बेटे के साथ मारपीट की शिकायत पुलिस में दूंगी। कुछ व्यक्ति राजौंद में एक बड़े संगठन का नाम लेकर मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, जिस व्यक्ति ने केस दर्ज करवाया है, उस व्यक्ति ने उसके ससुर को 2 लाख रुपये भी देने हैं। ये रुपये देने से बचने के लिए ही उसने यह केस दर्ज करवाया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर का कहना है कि वे दो दिनों से दिल्ली में हैं। उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। इसका पता करवाया जाएगा कि क्या मसला है।