अमेरिका में रह रही युवती से 17 साल के युवक ने 24 साल की उम्र बताकर की शादी
- शादी के बाद अमेरिका चला गया आरोपी पति, युवती ने अमेरिका से ही दर्ज करवाई एफआईआर
- कहा-अमेरिका का ग्रीन कार्ड हासिल करने के लिए झूठ बोलकर विवाह किया
- पुलिस ने दर्ज किया पति सहित सास-ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पुलिस ने अमेरिका में रह रही एक युवती की शिकायत पर झूठ बोलकर खुद की उम्र 17 की जगह 24 साल बताकर शादी करने के आरोप में उसके पति व सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 6 करनाल हाल में अमेरिका में रह रही कवलजीत कौर (22) ने बताया कि वह अपने भाई व मां के साथ कई सालों से अमेरिका में रह रही है। उसके पिता करनाल में रहते हैं। उसके पिता व अन्य रिश्तेदारों ने उसकी शादी डेरा कोटिया फार्म गांव हाबड़ी निवासी हरवेल सिंह के साथ तय की थी। 30 जनवरी 2017 को उसकी हरवेल सिंह के साथ शादी हुई। शादी से पहले उन्हें बताया गया था कि हरवेल सिंह की जन्मतिथि 19 अक्तूबर 1993 है और उसके पासपोर्ट में भी यही तारीख दर्शाई गई है। शादी के बाद उसे पता चला कि हरवेल सिंह की बहन की जन्मतिथि 21 अगस्त 1993 है। ऐसे में दोनों भाई-बहनों की उम्र में मात्र 2 माह का अंतर है। इस पर उसे शक हुआ और उसने हरवेल सिंह के जन्म प्रमाण पत्र की जांच की तो यह फर्जी मिला। हरवेल सिंह की असली जन्मतिथि 4 जून 1997 थी। आरोपियों ने अमेरिका का ग्रीन कार्ड हासिल करने के लिए उसके साथ एक नाबालिग युवक की शादी करवाई। जिस पर उसने पुलिस को सूचित किया।
एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुरबाज सिंह, सर्वजीत कौर व हरवेल सिंह निवासी गांव हाबड़ी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ पूंडरी चंद्रभान ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज किया है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि मामले में असली सच्चाई क्या है।