दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, एक ट्रक ड्राईवर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बुधवार सुबह पांच बजे सीवन से कैथल रोड पर स्थित स्टार ढाबे के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में एक के ड्राईवर की मौत हो गई। साथ ही दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतक के साले बुट्टा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमरिंदर सिंह पुत्र सुरजित सिंह राजौंद का रहने वाला है। जो चीका से कैथल की तरफ आ रहा था। उन्होंने बताया कि जब सीवन स्टार ढाबे के पास पहुंचा तो अचानक सामने से आ रहे ट्रक ड्राईवर ने उनके ट्रक को टक्कर मार दी। जिसे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी विकास ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रक सड़क के दूसरी ओर साइड में पलट गए। एक ट्रक के ड्राईवर केबिन के तो पूरी तरह से परखचे उड़े हुए थे। सुबह हादसे के बाद दोनों वाहनों की हालत देखकर नहीं लग रहा था कि इनमें सवार किसी की जान बची होगी।