कार, बाइक और पांच ट्रांसफार्मर से सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चोरी के पांच मामलों में चोर एक कार, एक बाइक व पांच ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने पांचों ही मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में गांव खरक पांडवा निवासी संदीप ने बताया कि 27 जुलाई को कोई कोर्ट काम्पलेस के निकट से उसकी कार चोरी कर ले गया। पुलिस ने चोरी हुए कार की कीमत चार लाख रुपये आंकी है। हेड कांस्टेबल गुरदयाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दूसरे मामले शक्ति नगर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि ढांड रोड से 20 जुलाई को कोई उसकी बाइक चोरी कर ले गया। हेड कांस्टेबल सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तीसरे मामले में गुहला पुलिस को दी शिकायत में बिजली विभाग के एसडीओ तरसेम सिंह ने बताया कि गांव अंगौध से चोर तीन ट्रांसफार्मर से हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। यह ट्रांसफार्मर अंगत रात, विजय व सिंदर सिंह खेतों में लगे हुए थे जिनको चोरों ने रात के समय निशाना बनाया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 86 हजार रुपये से अधिक है।
चौथे मामले में एसडीओ सत्यवान नैन ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरी 25 जुलाई की रात को चौधरी पट्टी से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए। एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पांचवें मामले में गुहला पुलिस को दी शिकायत में बिजली विभाग के एसडीओ तरसेम सिंह ने बताया कि गांव बाबकपुर से चोर बजजिन्द्र सिंह के खेतों से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत 29 हजार से अधिक थी। एएसआई समेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।