फर्जी फर्म बनाकर चार माह में 429 बिलों के माध्यम से एकत्रित किया 5 करोड़ 59 लाख रुपये का जीएसटी
सरकार में नहीं करवाया जमा, शक होने पर विभाग ने जांच करवाई तो गांव भागल में फर्जी पते पर बनाई गई थी फर्जी फर्म
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ निवासी युवक व फर्म के खिलाफ पुलिस ने की शिकायत पर दर्ज किया धोखाधड़ी के आरोप में मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव भागल मेें फर्जी पते पर पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी के नाम पर 5 करोड़ 59 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा कर लिया। जब 424 बिलों पर काट लिए गए जीएसटी की राशि जमा नहीं करवाई गई तो विभाग को शक हुआ। इसके बाद मामले की जांच की गई तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। जिसमें अंबाला सहित कई शहरों की फर्म के नाम पर फर्जी फर्म के बिल काट कर 31 करोड़ रुपये का कारोबार दिखा दिया गया। विभाग ने बड़े गिरोह के इस कारनामे की जांच कर पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में सेल टैक्स विभाग कैथल के इटीओ-कम-स्टेट जीएसटी ऑफिसर शिव कुमार ने बताया कि एक फर्म मानसी एलॉय के संचालक रिंकू अग्रवाल ने विभाग के साथ बड़ी धोखाधड़ी की है। रिंकू अग्रवाल मंडी गोबिंदगढ़ (पंजाब) का रहने वाला है और उसने भागल में अपनी फर्म दिखा दिखाई और इसके पते पर जीएसटी व अन्य नंबर लेते हुए औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद दिसंबर 2018 तक साहिल ट्रेडर अंबाला, जैसर मल्टी मैटल गोबिंदगढ़, सांई राम ट्रेडर गोबिंदगढ़ व उत्तर स्टील गोबिंदगढ़ के नाम फर्जी बिल काटते हुए इस अवधि में 31 करोड़ 10 लाख 42 हजार रुपये का लेन-देन दिखा दिया। जिस पर 18 प्रतिशत जीएसटी करीब 5 करोड़ 59 लाख रुपये भी वसूल लिया। लेकिन यह जीएसटी उसने आगे विभाग को जमा नहीं करवाया। जब संदेह होने पर प्रारंभिक जांच करवाई गई तो फर्म का गांव भागल में जो पता दिया गया, वह फर्जी निकला। यह फर्म कागजों में ही चली हुई पाई गई। लेकिन फम ने विभिन्न बिलों के माध्यम से टैक्स की उक्त राशि हड़प ली। इस दौरान उसने 424 फर्जी बिल काट कर सरकार को चूना लगा दिया। इस भारी गड़बड़ी का खुलासा होने पर संभावना है कि सरकार को बड़े स्तर पर एक गिरोह द्वारा चूना लगाया जा रहा है। यह गिरोह राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह का धंधा करके विभाग को एक भी पैनी जमा नहीं करवा रहा है।
फर्म पर राज्य व केंद्रीय दोनों जीएसटी में गड़बड़ी का भी आरोप:-
विभागीय जांच के बाद पुलिस को दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उक्त आरोपी फर्म ने राज्य व केंद्र सरकार के जीएसटी के फर्जी बिल काटे और उनके माध्यम से दोनों स्तर पर चूना लगाया है। इसलिए इस फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शिकायत के अनुसार आरोपी रिंकू अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है। जांच में जो भी बात सामने आएगी, उसी अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को जल्द काबू किया जाएगा।
वसीम अकरम, एसपी, कैथल।