तालाब के दलदल में फंसकर दो वर्षीय मासूम की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। गांव कुराड़ के एक तालाब में डूबने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा फैल गया। गांव सहित कलायत के प्रशासनिक अधिकारी रात भर उसे ढूंढते रहे। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह पता चला कि उसका शव तालाब की दलदल में फंसा हुआ था।
मृतक बच्ची के पिता कृष्ण व माता सुखविंद्र कौर ने बताया कि गिल पट्टी के तालाब के पास उनका घर है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे बच्ची स्नेहा तालाब के पास खेल रही थी। उसकी मां उसके लिए बिस्किट लेने के लिए दुकान पर चली गई। वापस आने पर उसे बच्ची वहां नहीं मिली। परिजनों व पड़ोसियों ने बच्ची को हर जगह तलाशा पर उसका पता नहीं लगा। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस व प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही डीएसपी गौतम, थाना प्रभारी ललित मोहन व तहसीलदार चंद्रमोहन बिश्नोई मौके पर पहुंच गए। सारी स्थिति की समीक्षा के बाद निर्णय लिया गया कि तालाब का पानी निकलवाया जाए। इसके लिए प्रशासनिक तौर पर तालाब में पंप लगाए गए। सुबह जब तालाब का पानी कम हुआ तो लोगों ने तालाब में घुस कर देखा तो दलदल में बच्ची का शव फंसा हुआ था। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम सरपंच सतबीर सिंह ने कहा कि इस तालाब की हालात बहुत ही खराब है। इसमें दलदल व गंदगी के अलावा कुछ नहीं है। तालाब के सुधार के लिए वे प्रशासन को कई बार लिख चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिस कारण आज मासूम की अकाल मौत हो गई।