दो लाख किसी और से लिए, गाड़ी किसी और को बचे दी
-गाड़ी बेचने के नाम पर एक व्यक्ति के साथ दो लाख रुपये की धोखाधड़ी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गाड़ी बेचने के नाम पर एक व्यक्ति के साथ दो लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गुहला पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव थेह बनहेड़ा निवासी जसविन्द्र ने बताया कि उसने गुहला में खेड़ी गोरियां जिला पटियाला निवासी सुरजीत सिंह से शिफ्ट डिजायर गाड़ी खरीदी थी। यह गाड़ी पांच लाख 20 हजार रुपये में ली थी। मौके पर ही आरोपी को दो लाख रुपये दे दिए थे। सुरजीत सिंह से शपथ पत्र भी लिया था। सुरजीत ने गाड़ी के सभी कागजात व कब्जा लेने के लिए 11 अक्टूबर का समय दिया था। जब 11 अक्टूबर को मैंने सुरजीत से बातचीत की तो उसने बताया कि उसका पटियाला कोर्ट में कोई केस चल रहा है। कुछ समय के बाद वह गाड़ी दे देगा। उसने कहा कि गाड़ी बिलकुल सही सलामत और घर पर खड़ी है। कुछ दिन बाद डीलर को साथ लेकर जांच की तो पता चला कि सुरजीत सिंह ने वह गाड़ी किसी और व्यक्ति को बेच दी है। अब सुरजीत सिंह उनकी कोई बात नहीं सुन रहा है। आरोपी ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।
एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने पंजाब निवासी सुरजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।