दुकानदार से बाइक छीनने वाले दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। घर लौट रहे दुकानदार से शाम के समय बाइक छीन ले जाने के मामले में सीआईए-2 ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोटेक्शन वारंट जारी करवाए थे। वारदात में शामिल तीसरा आरोपी छीनी गई बाइक, अवैध देशी कट्टे व 4 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मिर्जापुर व पिहोवा के 2 बैंकों में 11 लाख रुपये से ज्यादा नकदी लूटने के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि सीआईए-टू प्रभारी सत्यवान की अगुवाई में एएसआई हवा सिंह ने आरोपी राजेंद्र उर्फ बिल्लू निवासी ग्योंग व मुकेश निवासी शक्ति नगर कैथल को धारा 379ए तहत गिरफ्तार किया है।
हजवाना निवासी अनिल कुमार पूंडरी गोशाला मार्केट में आरओ, इंवर्टर की दुकान चलाता है। 30 सितंबर 2016 की शाम जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था तो हाबड़ी ड्रेन पुल के पास एक बाइक पर सवार 3 युवकों ने जानबूझ कर उसकी मोटर साइकिल को सीधी टक्कर मार दी और उसकी बाइक छीन ले गए। सीआईए-2 पुलिस ने मामले में आरोपी राजू निवासी सिरटा को पहले ही 28 अप्रैल को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी राजू सिरटा ने कबूल किया था कि उसने अपने साथियों के साथ 3 नवंबर को पीएनबी मिर्जापुर से 4 लाख 7 हजार रुपये पिस्तौल की नोक पर लूटे हैं। उसके बाद फरवरी 2017 पिहोवा पीएनबी बैंक से करीब 7 लाख रुपये लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। दुकानदार से बाइक छीनने के मामले में आरोपी राजेंद्र उर्फ बिल्लू निवासी ग्योंग की बाइक पहले ही पिहोवा पुलिस कब्जे में ले चुकी है।