पांच नशा तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नशा तस्करी के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक न्यायिक परिसर के अंदर नाबालिग को बहला फुसला कर भगा ले जाने व सामूहिक दुराचार के मामले में पेशी पर लाए गए आरोपी को नशा देने का प्रयास कर रहा था। जबकि दो आरोपी पंजाब निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से चूरापोस्त, डोडा पोस्त, गांजा पत्ती व स्मैक बरामद किए गए हैं।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार की 18 जुलाई की दोपहर न्यायालय परिसर में आरोपी देवीलाल निवासी मुहार पट्टी भाणा को काबू किया। वह एएसजे सुदीप गोयल की अदालत में पेशी पर लाए गए आरोपी सोनू निवासी दासू पट्टी पाई को पॉलीथिन में 130 ग्राम गांजा पत्ती देेने की कोशिश कर रहा था। आरोपी सोनू व अन्य के खिलाफ थाना पूंडरी में 13 अगस्त 2016 को सामूहिक दुराचार का मामला दर्ज है। जो न्यायालय में विचाराधीन है। मौके पर सिविल लाइन के सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार की टीम ने आरोपी देवीलाल के कब्जे से 130 ग्राम गांजा पत्ती, उसका आधार कार्ड, विभिन्न बैंकों के 3 एटीएम कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर आरोपी को काबू कर लिया।
वहीं दूसरे मामलों में एसपी ने बताया सीआईए-2 पुलिस के सब इंस्पेक्टर राज सिंह, एचसी कमलजीत सिंह, जसमेर व सिपाही मनोज कुमार, प्रदीप कुमार की टीम शाम को गश्त के दौरान सरोल घग्गर पुल के नजदीक काबल सिंह निवासी चाबा के कब्जे से 500 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर एएसआई हवासिंह द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य मामले में थाना गुहला के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार व एचसी जयभगवान की टीम ने रात 8:30 बजे भाटिया बांध से जीत सिंह निवासी जेवडा माजरा जिला पटियाला पंजाब को काबू किया। जिसके कब्जे से 720 ग्राम चूरापोस्त बरामद होने पर एएसआई राजेंद्र सिंह ने गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया इस कड़ी में थाना गुहला के एएसआई दिलबाग सिंह, एचसी अनिल कुमार व सिपाही सोहन लाल की टीम ने भाखड़ा नहर के नजदीक से समाना जिला पटियाला निवासी बलदेव सिंह को 520 ग्राम चूरापोस्त सहित एएसआई कृष्ण कुमार ने गिरफ्तार कर लिया गया। पांचवें मामले में पूंडरी चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, एएसआई ईश्वर व एचसी मनीराम की टीम कांवड़ ड्यूटी दौरान शाम के समय हांसी-बुटाना नहर पुल के नजदीक गांव मूंदड़ी के निकट महेंद्र निवासी मूंदडी को काबू करते हुए उसके कब्जे 6.2 ग्राम स्मैक बरामद की गई। थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर आरोपी को एएसआई राजकुमार द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।