दो मोटर साइकिलों की टक्कर एक युवक मौत, एक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव नरड़ को जाने वाले लिंक मार्ग पर रविवार रात को दो मोटर साइकिलों की टक्कर हो गई। इसमें एक युवक मौत व दूसरा घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। घायल मोटरसाइकिल चालक नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सोमवार को मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। तितरम थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव रसीना के सुखबीर ने आरोप लगाया कि उसका छोटा भाई 26 वर्षीय बलबीर सिंह गांव नरड़ में बहन के घर मकर सक्रांति के पर्व पर आया हुआ था। मिठाई देने के बाद रात को ही वह गांव वापस आ रहा था, जैसे ही नरड़ गांव के लिंक मार्ग से करनाल रोड पर आ रहा था तो सामने से आ रहे मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही व तेजगति से चलाते हुए टक्कर मार दी। इस हादसे में बलबीर के सिर पर गहरी चोट आई। उसे सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर तितरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि टक्कर मारने वाला मोटरसाइकिल चालक नाबालिग है जो काफी तेजगति व लापरवाही से मोटरसाइकिल चला रहा था।तितरम थाना से एचसी बलविंद्र ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।