दो जगह से आभूषण व हजारों रुपये का अन्य सामान चुराया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शहर में दो अलग अलग जगहों से आभूषण, नकदी सहित अन्य सामान चोरी हुआ। पहले मामले में तलाई बाजार निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी माता का देहांत करीब दो साल पहले हुआ था और उसकी माता के आभूषण जिनमें एक सोने की चेन, एक गले का सोने का सेट, तीन अंगूठी व टॉपस की जोड़ी उनकी लोहे की पेटी में रखी थी। जो 18 जनवरी की रात को चोरी हो गई है। एएसआई रामनिवास ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे मामले में वार्ड नंबर 2 कलायत निवासी शीला देवी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 7 जनवरी को वह परिवार सहित घर से बाहर गए हुए थे। उस रात उनके घर चोरी हुई थी। जिसमें 60 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई थी। पहले तो उन्होंने समझा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की है। लेकिन बाद में पता चला कि चोरी करने वाले युवकों में उसके जेठ का लड़का संजय, कालू व उसकी ननद का लड़का लाली अरलाना जिला पानीपत इन तीनों ने मिलकर उनके घर चोरी की है। इनकी शिकायत पंचायत में भी दे चुके हैं। लेकिन वह तीनों यह कह रहे हैं कि तुमने जो करना है कर लो तुम्हें नकदी वापस नहीं देंगे। साथ ही वह जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। हेड कांस्टेबल रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।