धोखाधड़ी के शिकार युवक ने दिया परिवार के साथ धरना
खाते से धोखाधड़ी कर उड़ाए थे 1.5 लाख रुपये
एफआईआर के 10 दिन बीत जाने के बावजूद भी नहीं की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। अनाज मंडी स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की कलायत शाखा के एक उपभोक्ता के खाते से ठगों ने 1 लाख 48 हजार रुपये की चपत लगा दी। घटना के लगभग 3 सप्ताह बीत जाने के बावजूद भी बैंक ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित परिवार ने बैंक के मुख्य द्वार पर धरना दिया। पुलिस जांच अधिकारी शिवकुमार व बैंक कर्मचारियों के आश्वासन पर पीड़ित ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त कर दिया।
पीड़ित राजेश कुमार के साथ माता सुनीता, पत्नी कविता, पुत्र अभिषेक व तुषार ने सामूहिक तौर पर बैंक के मुख्य द्वार के सामने धरना दिया। राजेश ने बताया कि बैंक में उसका सेविंग खाता है। 18-20 दिन पूर्व उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह बैंक से बोल रहा है और यदि वहे एटीएम चालू रखना चाहता है तो अपने कार्ड के 16 अंकों का नंबर बताए। उसने बताया कि यह विभाग की रूटीन प्रक्रिया है। राजेश के मुताबिक उसने एटीएम का नंबर बता दिया। उसके उपरांत 10 मई को दोबारा से फिर मोबाइल पर फोन आया तथा उसने कहा कि पैन कार्ड व आधार कार्ड की कापी उसके मोबाइल नंबर पर भेज दे। उसने बताया कि उसे मोबाइल करने वाले पर संदेह हुआ तथा बैंक जाकर उसके खाता नंबर 55142727661 की जांच करवाई तो पता चला कि उसके खाते में जमा 1 लाख 47 हजार 822 रुपये की राशी निकाली जा चुकी है। खाते से 17 बार पैसे निकलवाए गए जबकि उसे पास राशी निकलने का संदेश प्राप्त हुआ। राजेश ने बताया कि 12 दिन पूर्व एफआईआर दर्ज करवाने तथा 17 मई को सीएम विंडो पर शिकायत करने व बैंक कर्मचारियों को इस बारे शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं।
जांच अधिकारी एएसआई शिवकुमार ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर गंभीर है। राजेश के पास जिन मोबाइल नंबरों से फोन आया है उन्हें ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।