26 दिसंबर की रात चीका में राजस्थान निवासी व्यवसायी का रास्ता रोक कर गाड़ी समेत अज्ञात आरोपियों ने अपहरण कर लिया और गाड़ी, सोने की चेन व नकदी लूट ली। इस संबंध में चीका थाना में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामगढ़िया जिला हनुमानगढ़ राजस्थान निवासी रवि थोरी ने बताया कि करीब चार वर्ष से चीका में रहता है और गोविंद राइस मिल में पार्टनर है। 26 दिसंबर की रात वह अपनी कार में राजस्थान से करीब 9:45 बजे अपने चीका स्थित मकान पर पहुंचा। वहां से वह अपनी गाड़ी में कैथल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर रात 10:04 पर डीजल डलवा कर वापस घर की तरफ चला तो एक सफेद रंग की गाड़ी के चालक ने उसका रास्ता रोक लिया। गाड़ी से उतरे 20 से 30 वर्ष आयुवर्ग के चार लड़के उसकी कार में आ गए व उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर उसे गाड़ी की पिछली सीट पर डालकर उसे अगवा कर लिया। आरोपियों ने रास्ते में पिस्तौल के बल पर उससे उसका मोबाइल फोन, दो तोले सोना की चैन व 30 हजार रुपये नकदी सहित पर्स लूट लिया। पिस्तौल बट्ट से उसके सिर में चोट मारकर धमकी देते हुए एटीएम पिनकोड की जानकारी ले ली। रात को 1:15 बजे उसे खरकां से करीब सात किलोमीटर दूरी पर स्थित पंजाब के रसौली गांव में सुनसान स्थान पर छोडक़र फरार हो गए। उसने नजदीक के डेरा में पहुंचकर अपने पार्टनर संदीप को फोन करके मामले की जानकारी दी। 27 दिसंबर को थाना चीका में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
इस संबंध में एसपी विरेंद्र विज ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी की फोटो जारी कर जिलावासियों से पहचान की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति को ईनाम दिया जाएगा व उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। एसपी ने बताया कि लूटेरों द्वारा गुरु ब्रहमानंद चौक पाई रोड पूंडरी में एटीएम गार्ड को रात के 1:42 बजे जगाकर गार्ड को एटीएम कार्ड देकर व पिनकोड बताते हुए गार्ड की मार्फत पैसे निकलवाए गए। इसकी फूटेज पुलिस द्वारा एटीएम कक्ष के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से प्राप्त कर ली गई। उन्होंने आमजन से अपील की कि फोटो में दिखाई दे रहे युवक के नाम पते व ठिकाने के बारे में कोई जानकारी हो तो उनके मोबाइल 9053052100, सीआईए-टू प्रभारी एसआई सत्यवान के मोबाइल 9053052136 अथवा थाना प्रबंधक चीका के मोबाइल 9053052114 पर सूचना देकर सहयोग करें। जानकारी देने वाले नागरिक को उचित ईनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।