कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में 8 मई से विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर 15 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को थैलेसीमिया बीमारी के प्रति जागरूक करना और समय रहते इसके बचाव और जांच के लिए प्रेरित करना है। इसी कड़ी में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को रोहतक से विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम जिला नागरिक अस्पताल पहुंचेगी, जो लोगों को थैलेसीमिया के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों का थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया एक आनुवंशिक (जेनेटिक) बीमारी है, जो माता-पिता से बच्चों में पहुंच सकती है। इस बीमारी में शरीर में खून की कमी होने लगती है जिससे मरीज को समय-समय पर रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ सकती है। डॉ. अनिल अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे थैलेसीमिया के प्रति जागरूक हों और आवश्यक जांच अवश्य करवाएं।