खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय व पत्रकारों से बात करते हलका विधायक सतपाल जांबा।
पूंडरी। ब्लाॅक समिति की चेयरपर्सन बनी वार्ड नंबर 16 की सुषमा देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया। कुछ दिनों पहले ब्लाॅक समिति के 26 में से 20 सदस्यों ने उपायुक्त को हलफनामा देकर मौजूदा ब्लाक समिति चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास जताया था। इसके बाद उपायुक्त ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए 14 मई की तिथि निर्धारित की थी।
प्रशासन की ओर से ओबजरवर एडीसी डाॅक्टर सुशील कुमार की मौजूदगी में वीरवार को खंड विकास व पंचायत कार्यालय के सभागार में ब्लाक समिति के सदस्यों की बैठक बुलाई थी। इसमें 26 से 19 सदस्य मौजूद रहे। बैठक में मौजूद सभी 19 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया जबकि 7 सदस्य बैठक से अनुपस्थित रहे। इस बैठक में हलका विधायक सतपाल जांबा और बीडीपीओ राज सिंह भी मौजूद रहे।
ईमानदारी से काम नहीं कर रही थी चेयरपर्सन : हलका विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि जब 27 जनवरी 2025 को जब उन्होंने सुषमा बरसाना को चेयरपर्सन बनाया था तो उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि ईमानदारी से काम करना होगा लेकिन चेयरपर्सन प्रतिनिधि न तो ईमानदारी से काम कर रहा था और न ही सभी को साथ लेकर चल रहा था।
प्रस्ताव पास होने के लिए 18 सदस्य चाहिए थे : एडीसी डाॅक्टर सुशील कुमार ने बताया अविश्वास प्रस्ताव के लिए 18 सदस्य चाहिए थे जबकि बैठक में 19 सदस्य मौजूद थे और सभी ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। सभी सदस्यों को 10 दिन पहले बैठक में भाग लेने का नोटिस दिया गया था।
खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय व पत्रकारों से बात करते हलका विधायक सतपाल जांबा।