संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद की अध्यक्ष के कार्यालय में मंगलवार को बैठक तो पेमेंट अप्रूवल सब कमेटी के सदस्य का चुनाव करने के लिए की गई थी, लेकिन इसमें विकास, अतिक्रमण व सफाई के मुद्दे पर पार्षदों ने खूब हंगामा किया। इस दौरान पार्षदाें ने ठेकेदार के साथ अधिकारियों की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया।
पार्षदों ने कहा कि तीनों ही मुद्दों पर अधिकारी उनका कोई सहयोग नहीं करते हैं। इस कारण उन्हें अपने वार्ड के लोगों के सामने जवाबदेही होती है। बैठक में जिस समय सदस्य का चुनाव किया जाना था, उस समय सदन में पार्षदाें को उनकी बात रखने के लिए अनुमोदन किया। इसी दौरान वार्ड नंबर 22 के पार्षद राजेश सिसौदिया ने कहा कि ठेकेदारों ने मजाक बना रखा। पार्षदों की कोई सुनवाई ही नहीं हो रही है। इस कारण उन्हें वार्ड के लोगों की सुननी पड़ती है। सात अगस्त को नगर परिषद कार्यालय में अतिक्रमण और रास्ते की मांग पर शिकायत दी थी। उनके वार्ड में नई अनाज मंडी में जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण है।
इस अतिक्रमण को क्यों नहीं हटाया जा रहा। इस पर ईओ सुशील ने कहा कि इस मामले में न्यायालय की कार्रवाई जारी है। इसी कारण से यहां से अतिक्रमण नहीं हटाए जा सके हैं। इसके बाद पार्षद राजेश ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद कोई समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। वह गरीब समाज से पार्षद होने के चलते उनकी एक सांसद या विधायक जितनी शक्तियां नहीं है, लेकिन वे वार्ड की समस्याओं को लेकर वार्ड के लोगों के साथ जाम तो जरूर लगा सकते हैं। वे ठेकेदारों पर भी खूब बरसे, कहा कि ठेकेदारी नगर परिषद के मालिक हो गए हैं। कभी पुरानी ईंटे लगाते हैं तो कभी तारकोल की सड़क बना देते हैं। उन्हें तो यह लगता है जैसे नगर परिषद के विकास कार्य अधिकारी न करवाकर ठेकेदार करवा रहे हों। रामनगर वाली फाटक पर
अंडरपास बनाने की फाइल भी अधर में लटकी है। आखिर वार्ड के लोग लाइन के इस पर से उस पार और उस पार से इस बार कैसे आएं।
राजेश ने सफाई के मुद्दे पर सफाई कर्मियों पर कहा कि स्वच्छता अभियान के समय तो वार्ड में सफाई करवाई, फोटो खिंचवाई और वापस चले गए, लेकिन अगले गंदगी का आलम ऐसे ही रहा। जबकि मंडी में सड़क पर सफाई के दरोगा को बोला जाता है तो वह कहते हैं हमारी तो सड़क नहीं है। हम इस पर सफाई नहीं कर सकते हैं। इसके साथ ही वार्ड नंबर पांच की पार्षद रामकली ने कहा उनके वार्ड में सफाई की काफी समस्या बनी है। इस कारण काफी परेशानी होती है। इसका समाधान करवाया जाना चाहिए। अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर वार्ड नंबर 26 के पार्षद विरेंद्र बत्तरा ने भी कहा कि अतिक्रमण की काफी समस्या है। इसे भी दूर किया जाना चाहिए।
नगर परिषद की पार्षद सुरभि गर्ग ने कहा कि सब कमेटी के सदस्य का चुनाव किया गया है। इसमें वार्ड नंबर 29 के पार्षद राज सैनी को सदस्य बनाया है। इस बैठक में पार्षदों ने कुछ समस्या बताई हैं। इस पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। जिससे शहर के लोगों की परेशानी दूर हो।