संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व आरटीए की संयुक्त टीम ने क्षमता से अधिक वजन ले जा रहे तीन मिट्टी के डंपरों पर कार्रवाई करते हुए एक लाख 19 हजार रुपये का जुर्माना किया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम प्रभारी डीएसपी रवींद्र शर्मा ने बताया कि गुप्तचर इकाई कैथल से मुख्यमंत्री उडऩदस्ता टीम जींद-कैथल को सूचना मिली थी की करीब दो सप्ताह पूर्व की गई कार्रवाई के बावजूद भी कैथल के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोड वाहन बिना रोकटोक के दौड़ रहे हैं।
सूचना के आधार पर आरटीए कैथल से संदीप व उनकी टीम से उप निरीक्षक पवन कुमार व एएसआई खुशी राम की संयुक्त टीम बना कर कलायत कैथल हाईवे पर ओवरलोड ट्रकों की जांच की। इस दौरान तीन ओवरलोड डंपर मिले। इन डंपरों में निर्धारित सीमा से अधिक वजन पाया गया।
उन्होंने बताया की उपरोक्त सभी की कांटा पर्ची व चालान रसीद हासिल की गई और चारों को कलायत बस अड्डा परिसर में खड़ा करवा दिया गया। गौरतलब है कि इससे पूर्व 22 सितंबर को भी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने कार्रवाई करते हुए चार ओवरलोड डंपरों पर एक लाख 44 हजार रुपये का जुर्माना किया था।
ओवरलोड ट्रकों और डंपरों से परेशान क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद भी गांव खरक पांडवां के पास से निकलने वाले एक्सप्रेस वे पर मिट्टी डालने वाले ये डंपर अपने निर्धारित वजन को लेकर नहीं चलते। बस ये अपना मार्ग बदल लेते हैं और इन की वजह से सारे संपर्क मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।