संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। शहर में ठप पड़े विकास कार्यों से कथित रूप से नाराज पार्षदों ने नगरपालिका अध्यक्ष रेखा रानी के खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला किया है। इसी मद्दे पर नाराज पार्षद शुक्रवार को नगरपालिका कार्यालय के समक्ष सांकेतिक धरने पर बैठेंगे।
वार्ड नंबर 2 के पार्षद दलबीर सीड़ा, वार्ड नंबर 16 के पार्षद तरसेम गोयल और वार्ड नंबर 1 के पार्षद सुखबीर पहलवान ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से चीका शहर में विकास कार्य लगभग ठप पड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि
अध्यक्ष रेखा रानी ने पिछले पूरे वर्ष में विकास कार्यों को लेकर न तो एक भी बैठक बुलाई है और न ही अब तक पिछले बजट का हिसाब दिया है, जबकि वह अगले वर्ष के लिए बजट की मांग कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि पार्षद शहर में विकास कार्य करवाना चाहते हैं, लेकिन अध्यक्ष न तो बैठक बुलाती हैं और न ही पार्षदों के प्रस्तावों को दर्ज किया जाता है। दूसरी ओर अध्यक्ष जनता को पार्षदों के खिलाफ भड़काकर गुमराह कर रही हैं। सुखबीर पहलवान और दलबीर सीड़ा ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर शुक्रवार को नगरपालिका कार्यालय के सभागार में पार्षदों की बैठक बुलाई गई है। बैठक के बाद सभी पार्षद अध्यक्ष के खिलाफ एक दिन का सांकेतिक धरना देंगे। सुखबीर पहलवान ने कहा कि शुक्रवार के धरने में 14 से 15 पार्षदों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी अध्यक्ष का रवैया नहीं बदला तो सभी पार्षद मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे। बताया जा रहा है कि 17 पार्षदों वाली चीका नगरपालिका में 12 पार्षद अध्यक्ष रेखा रानी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।