संवाद न्यूज एजेंस
कलायत। भाजपा ने हरियाणा में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत और प्रशिक्षित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत मंडल स्तर पर 7 मार्च से प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें जिला और प्रदेश स्तर के नेता बूथ से मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की रूपरेखा तय करने के लिए पर्यवेक्षक अमनदीप सिंह ने मार्केट कमेटी कार्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर कलायत नगर पालिका कार्यालय भवन के प्रथम तल पर आयोजित किया जाएगा। शिविर में भाग लेने के लिए 170 कार्यकर्ताओं को प्रतिभागी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। इसमें संगठनात्मक कार्यशैली, चुनावी रणनीति और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत करेंगे, जबकि संयोजक की जिम्मेदारी जिला सचिव अजय प्रताप राणा को सौंपी गई है।
पर्यवेक्षक अमनदीप सिंह असंध तथा प्रभारी का दायित्व जंगीर सिसला संभालेंगे।प्रशिक्षण शिविर के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति डिजिटल तरीके से दर्ज की
जाएगी। पर्यवेक्षक अमनदीप सिंह सारी रिपोर्ट भेजेंगे।
बैठक में मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकिशन काका राणा, शिविर संयोजक अजय प्रताप राणा, सचिन शर्मा, वीरेंद्र राणा, नीटू राणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।