संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/गुहला चीका। नगरपालिका चीका की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पक्ष में वोट करने की एवज में 50 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) कैथल ने चीका के वार्ड नंबर 14 के भाजपा पार्षद जितंेद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में दो अन्य पार्षदों के नाम होने की बात भी कबूल की है। इन पार्षदों से भी जल्द एसीबी पूछताछ करेगी।
गत जून माह में चीका निवासी विजय कुमार ने एसीबी को शिकायत दे बताया था कि नगरपालिका की अध्यक्ष रेखा रानी व उपाध्यक्ष पूजा रानी को मैं अपनी बहन के तौर पर मानता हूं और सभी भरोसे के काम मुझ से करवाती हैं।
शिकायत में विजय ने बताया कि रेखा रानी व पूजा शमा के खिलार्फ कुछ पार्षद अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं। विजय ने बताया कि वार्ड के 14 के पार्षद जितेंद्र कुमार ने नगरपालिका उपाध्यक्ष पूजा शर्मा के पक्ष में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर वोट देने के एवज में 60 लाख रुपये की मांग की थी।
विजय के मुताबिक, अंततः 50 लाख रुपये में बात तय हो गई थी। उसमें उसने अपने साथ साथ दो अन्य पार्षदों होने की भी बात कही थी। विजय कुमार के अनुसार तीनों पार्षदों ने 6 लाख रुपये पहले नकद देने की मांग की थी और बाकी रकम बाद में लेना तय हुआ। विजय ने यह पूरी बातचीत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और सबूतों सहित एसीबी को सौंप दी।
जब पार्षदों को इस बात की भनक लगी तो उन्होंने रिश्वत से इन्कार करते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया। जितंेद्र कुमार की आवाज का मधुबन स्थित फॉरेंसिक लैब में वॉयस मैच टेस्ट करवाया गया, जिसमें रिकॉर्डिंग की आवाज आरोपी पार्षद की आवाज से मिलती पाई गई।
एसीबी के इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जो अन्य लोग इसमें शामिल हैं, उनसे भी जल्द पूछताछ की जाएगी। अगर पूछताछ के दौरान उक्त दोनों पार्षदों की भी संलिप्तता पाई गई तो उनको भी गिरफ्तार कर रिमांड लिया जाएगा।