जिले में कोरोना संक्रमण के चलते 6 की मौत हुई है। 66 नए मामले सामने आए हैं। पॉजिटिव आ रहे केसों की संख्या में पिछले सप्ताह भर से कमी दर्ज की जा रही है। लेकिन कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या कम न होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
डीसी सुजान सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जानकारी देते हुए बताया कि जिला में अलग-अलग जगहों से कोरोना वायरस से संक्रमित 66 नए केस सामने आए हैं। वीरवार को 6 लोगों की मृत्यु हुई हैं, जिनमें 3 पुरूष तथा 3 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 1 व्यक्ति का इलाज जिला से बाहर चल रहा था। उन्होंने बताया कि मृतकों में 40 वर्षीय चौशाला निवासी पुरूष, 65 वर्षीय मानस निवासी पुरूष, 42 वर्षीय महिला, 59 वर्षीय महिला तथा 65 वर्षीय महिला जोकि कैथल निवासी हैं। जिनका इलाज जिला के नागरिक अस्पताल में चल रहा था।
वीरवार को 96 कोरोना मरीज ठीक होने उपरांत डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। नागरिक अस्पताल कैथल से 7, शाह अस्पताल से 3, सिग्नस अस्पताल से 2 तथा होम आइसोलेशन में रहे 84 व्यक्तियों ने कोरोना को मात दी। जिला में 10 हजार 553 कोरोना के मरीजों में से 9 हजार 704 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब कोरोना के एक्टिव केस 572 रह गए हैं। अभी तक लिए गए 2 लाख 42 हजार 649 में से 2 लाख 31 हजार 36 सैंपल्स की रिपोर्ट नेेगेटिव आ चुकी है। जिला का रिकवरी रेट 91.9 प्रतिशत हो गया है।
जिले में 441 मरीज होम आइसोलेशन में है। इन लोगों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया जाता है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में होम आईसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों को मेडिकल किट, आयुर्वेदिक दवाइयों की होम डिलीवरी की जा रही है। होम आइसोलेशन में रह रहे 8 हजार 827 व्यक्तियों में से 8 हजार 486 ठीक हो चुके हैं।
जिले में अभी तक 1 लाख 69 हजार 139 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें से 1 लाख 43 हजार 857 व्यक्तियों को पहली डोज तथा 25 हजार 282 व्यक्तियों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। जिले में अब स्टॉक के तौर पर 6 हजार 760 वैक्सीन उपलब्ध हैं, जिसमें से 4 हजार 980 कोविशिल्ड तथा 1 हजार 780 कोवैक्सीन हैं।