संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। गांव पाई के कुछ ग्रामीणों ने सरकार द्वारा आवंटित प्लॉटों पर मकान निर्माण में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए जिला उपायुक्त कैथल को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से गांव पाई के नजदीक थेह विडाला क्षेत्र में प्लॉट अलॉट किए गए हैं और प्रशासन की ओर से उन्हें इन पर कब्जा भी दिलवाया जा चुका है, इसके बावजूद कुछ लोग उन्हें अपने घर बनाने नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीण बनारसी, भल्ला, सुदेश, गजेसिंह, श्यामलाल, सुरेंद्र सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे सरकार द्वारा दिए गए प्लॉटों पर अपना मकान निर्माण करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने प्लॉटों पर नींव खुदवाकर दीवारें भरनी शुरू कर दी थीं, कुछ कमरों का निर्माण भी किया जा चुका है। इसके अलावा जो भूमि खाली पड़ी थी, वहां सरसों की फसल भी बोई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा सरसों की फसल उखाड़ दी गई, वहीं निर्माणाधीन नींव और कमरों की दीवारों को तोड़ दिया गया। इसके चलते उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वे पहले भी कई बार जिला प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
इसी को लेकर उन्होंने अब उपायुक्त कैथल को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि सरकार द्वारा आवंटित प्लॉटों पर उन्हें निर्विघ्न रूप से मकान निर्माण की अनुमति और सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस मामले में जब सरपंच प्रतिनिधि नरेश ढुल से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि जिन प्लॉटों को लेकर विवाद चल रहा है, वह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि सरकार अथवा न्यायालय की ओर से जो भी आदेश जारी किए जाएंगे, उनका पूरी तरह से पालन किया जाएगा।