संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। ऐसे चालकों का न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि उन्हें मौके पर ही हेलमेट भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जिले में शीघ्र ही एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।
यह जानकारी जिला उपायुक्त अपराजिता ने दी। उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की फोटो सोशल मीडिया पर भी अपलोड की जाएगी, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और लोग नियमों का पालन करने के प्रति गंभीर हों।
डीसी अपराजिता ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़कों को सुरक्षित बनाकर सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाना है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह एक साझा नागरिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि हर नागरिक सुरक्षित अपने घर लौटे।
डीसी अपराजिता लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक के दौरान उन्होंने एक-एक एजेंडे पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उपासना ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार रखे।
डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को चालान की संख्या बढ़ाने के लिए कहा गया, विशेष रूप से बिना हेलमेट और ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों के बाहर सुबह और शाम के समय विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग को संयुक्त रूप से जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में डीएमसी कपिल कुमार, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. रेणु चावला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर होंगे सुरक्षा के इंतजाम
डीसी अपराजिता ने सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सड़कों पर मौजूद ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां
बरती जाएं।
डीसी ने कहा कि सर्दियों के मौसम और बढ़ती धुंध (कोहरे) को देखते हुए सभी सड़कों पर रोड मार्किंग, सफेद पट्टी लगाने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने और सड़क पर गिरी टहनियों को तुरंत कटवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों पर साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि रात के समय और कोहरे में वाहन चालकों को मोड़ों और संभावित बाधाओं की समय रहते जानकारी मिल सके। डीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि सावधानी और सतर्कता से दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
नवंबर तक 258 हादसे 158 लोगों की गई जान
आरटीए विभाग के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि इस वर्ष नवंबर माह तक जिले में कुल 258 सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें 158 लोगों की मौत हो चुकी है। चालान की स्थिति पर जानकारी देते हुए बताया गया कि पुलिस विभाग ने नवंबर माह में 5325 चालान कर 29 लाख 58 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि आरटीए विभाग द्वारा नवंबर में 132 चालान कर 47 लाख 74 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।