संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। फरल से कौल तक जाने वाली सड़क को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जिस सड़क का निर्माण कार्य अभी अधूरा पड़ा है। उस पर पहले से ही ‘निर्माण कार्य पूर्ण’ का बोर्ड लगा दिया गया है। स्थानीय लोगों में इस संदर्भ में नाराजगी है।
ग्रामीण मेहर सिंह, गुरनाम सिंह, सुरेंद्र सिंह, कालू सिंह, गुरविंद्र सिंह, तरसेम, सुरेंद्र राणा, पिंटू राणा व नरेंद्र सिंह का कहना है कि सड़क वर्षों से खस्ताहाल है और कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क को उखाड़ कर आधा अधूरा छोड़ दिया गया। इससे सड़क पर बिखरी बजरी व पत्थरों के कारण हर रोज वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं।
नाराज ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क को पिछले कई महीनों से विभाग ने लावारिस की तरह छोड़ दिया।
इस सड़क पर तमाम डेरे व ढाणी हैं। सड़क पर उड़ रही धूल से उन्हें भारी परेशानी हो रही है।
सड़क पर बिखरे पत्थर वाहनों के टायरों से छिटककर लोगों को घायल कर रहे हैं। विभाग ने इस सड़क को पूर्ण करने से पहले ही काम पूर्णता (कंपलीशन) का बोर्ड लगाकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि यह सरासर लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला है।
उन्होंने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच हो। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है, क्या बोर्ड ही सच्चाई है या जमीन पर कुछ और कहानी चल रही है।
सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। उम्मीद है कि इसे 15 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पेंटर ने इस पर डेट गलत लिख दी है, जिसे ठीक करवाया जा रहा है।
-वरुण कंसल, कार्यकारी अभियंत, लोनिवि