कलायत (कैथल)। जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है। कलायत उपमंडल के खरक पांडवा गांव के पास हुई भारी बारिश में सड़क से पानी की निकासी के लिए डाली गई कंक्रीट स्लैब व मिट्टी बह गई। इसके चलते एक्सप्रेसवे किनारे बड़ा गड्ढा बन गया, जिसे स्थानीय लोगों ने संभावित बड़े हादसे की चेतावनी बताया है।
ग्रामीणों ने सोमवार सुबह यह स्थिति देखकर तुरंत एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन कई घंटों तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से सड़क की नींव कमजोर हो सकती है और भविष्य में दरार पड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। लोगों ने प्रशासन से मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक्सप्रेसवे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। संवाद