संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। रविवार शाम से शुरू हुई बरसात सोमवार सुबह तक लगातार जारी रही। रातभर हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली, वहीं नगर के निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बरसात का सबसे गहरा असर किसानों पर पड़ा है, जिनकी खड़ी सब्ज़ियों
और खरीफ की फसलें प्रभावित हुई हैं। पंप से पानी निकालना पड़ रहा है।
क्षेत्र के किसान राजेश रहेजा, सुरेंद्र सरदाना, जरनैल सिंह और भीषु चौधरी ने बताया कि खेतों में पानी भरने से बेल वाली फसलें जैसे लौकी, तोरी और करेला काफी प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक नुकसान टमाटर की फसल को हुआ है। वहीं, भिंडी और बैंगन जैसी सब्ज़ियों के फूल झड़ जाने से उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा।
किसानों ने बताया कि धान की अगेती किस्म की बिजाई पहले ही हो चुकी थी, जिस पर भी इस बरसात का प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। अगर आने वाले दिनों में तेज बरसात या आंधी-तूफान हुआ तो धान की फसल गिर सकती है।